कूरेभार (सुल्तानपुर)। एक चिकित्सक को अश्लील फोटो भेजकर 20 लाख रुपये रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने बुधवार को अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कूरेभार थाना क्षेत्र के कस्बे में एक पैथालॉजी सेंटर के संचालक डॉ. रमेश मिश्र के मोबाइल फोन पर अश्लील फोटो भेजकर कई दिनों से ब्लैक मेल किया जा रहा है। डॉ. रमेश ने जब फोटो भेजने वाले को चेतावनी दी तो उनसे 20 लाख रुपये की मांग की जाने लगी। बुधवार को डॉ. रमेश ने थाने में अज्ञात के खिलाफ ब्लैक मेल करके 20 लाख रुपये रंगदारी मांगने की तहरीर दी है। एसओ श्रीराम पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है।