जयसिंहपुर/मोतिगरपुर। जयसिंहपुर के सपाही स्थित निर्माणाधीन पुल के नीचे किसान बालमुकुंद पांडेय का शव मिलने के मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद रविवार को परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। प्रशासन की ओर से भूमि पैमाइश, अतिक्रमण हटाने और नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने के आश्वासन के बाद परिजन शव को दियरा घाट ले गए। मृतक के पुत्र आयुष ने शव को मुखाग्नि दी।
भवानीपुर सरैया निवासी किसान बालमुकुंद पांडेय का शव शनिवार सुबह सपाही स्थित निर्माणाधीन पुल के नीचे मिला था। शरीर पर चोट के निशान मिले थे। शुक्रवार को वह अपने छोटे भाई सुरेश कुमार पांडेय को जयसिंहपुर से घर लाने के लिए बाइक से निकले थे। घटनास्थल पर बाइक भी मिली थी।
पोस्टमार्टम के बाद शनिवार देरशाम शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने हत्या की एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। रविवार सुबह तहसीलदार जयसिंहपुर मयंक मिश्र व सीओ सुनील कुमार सिंह राजस्व व पुलिस टीम के साथ पहुंचे। परिजनों ने पड़ोसी आद्या प्रसाद पांडेय, सर्वेश पांडेय और विपिन पांडेय पर हत्या का आरोप लगा तीनों के खिलाफ एफआईआर, उनकी गिरफ्तारी, ग्रामसभा की भूमि से अवैध कब्जा हटाने, आर्थिक सहायता, मृतक की पत्नी को विधवा पेंशन व मोतिगरपुर थानाध्यक्ष के स्थानांतरण की मांग रखी। तहसीलदार ने विवादित भूमि की पैमाइश और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।