सुल्तानपुर। जलवायु परिवर्तन पर छात्रों में अभिव्यक्ति क्षमता और जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों में वाद-विवाद प्रतियोगिता होगी। जिले के परिषदीय स्कूलों व कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में 20 सितंबर से आयोजन होगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों के व्यक्तित्व विकास और उन्हें पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति सजग बनाना है।
2064 परिषदीय स्कूल और 12 कस्तूरबा विद्यालय संचालित हैं। प्रतियोगिता में प्राथमिक, उच्च प्राथमिक स्कूलों से लेकर कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूलों तक के छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता चरणबद्ध तरीके से कराई जाएगी, जिससे हर स्तर से सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी का चयन किया जा सके। प्रत्येक स्कूल के प्रधानाध्यापक और वार्डन अपने स्कूल से एक सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी का चयन करेंगे।
चयनित छात्र-छात्रा की वाद-विवाद प्रस्तुति की वीडियो रिकॉर्डिंग कर 24 सितंबर तक संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध करानी होगी। स्कूलों से प्राप्त वीडियो की समीक्षा ब्लॉक स्तर पर एआरपी (विज्ञान/विषय) के दो नामित अध्यापकों और बीईओ की ओर से की जाएगी। समीक्षा के बाद प्रत्येक ब्लॉक से केवल एक सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी का चयन किया जाएगा। इन प्रतिभागियों के नाम और वीडियो 26 सितंबर तक डायट (जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान) को भेजे जाएंगे।
डायट स्तर से होगी समीक्षा
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) स्तर पर 27 से 29 सितंबर के बीच प्रतियोगिता की गहन समीक्षा होगी। पूरे जिले से आए प्रतिभागियों में से तीन सर्वश्रेष्ठ छात्रों का चयन किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त छात्र का नाम और विवरण 30 सितंबर तक हिंदी संस्थान को भेजा जाएगा। प्रतिभागियों का अंतिम मूल्यांकन तीन अक्तूबर तक किया जाएगा।
-
प्रतियोगिता बच्चों में आत्मविश्वास विकसित होगी
यह प्रतियोगिता बच्चों में वाद-विवाद की कला, तार्किक सोच और आत्मविश्वास विकसित करेगी। साथ ही जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर उन्हें गंभीर चिंतन और समाधान की दिशा भी प्रदान करेगी। - उपेंद्र गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी