भदैंया के हनुमानगंज रेलवे क्रासिंग पाटक के हाईट गेज में फंसा मालवाहक ट्रक।
भदैंया (सुल्तानपुर)। हनुमानगंज रेलवे क्रॉसिंग के हाइट गेज में क्रेन लदा ट्रक फंसने से करीब एक घंटे तक यातायात व्यवस्था बेपटरी रही। राहगीरों को जाम से जूझना पड़ा। शुक्रवार दोपहर पंजाब से पश्चिम बंगाल क्रेन लादकर जा रहा ट्रक सुल्तानपुर-वाराणसी रेलखंड पर हनुमानगंज रेलवे क्रॉसिंग के हाइट गेज में फंस गया।
ट्रक के फंसने से हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। केबिनमैन ने इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी, तो आरपीएफ मौके पर पहुंची। आरपीएफ ने ट्रक को किनारे हटवा कर आवागमन बहाल कराया। इस दौरान करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। स्टेशन अधीक्षक पखरौली एस कुमार ने बताया कि क्रेन लदे होने की वजह से ट्रक हाइट गेज में फंस गया था। रेलवे यातायात पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ा।