करौंदीकलां (सुल्तानपुर)। दो दिन पूर्व खेत के बाड़ में दौड़ाए गए करंट की चपेट में आकर चचेरे भाई की मौत हो गई। आरोप है कि हादसे को छिपाने के लिए चचेरे भाई ने पत्नी व बेटे के साथ शव उठाकर दूर गोमती नदी में फेंक दिया। रविवार को शव पाए जाने के बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर अरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
करौंदीकलां थाना क्षेत्र के राज नारायण पांडेय (50) पिछले शुक्रवार को गांव में निमंत्रण में गए थे। शनिवार देर रात तक उनके घर नहीं पहुंचने पर परिवारीजन उनकी तलाश में लगे थे लेकिन कुछ पता नहीं चला। रविवार की सुबह परिवारीजन ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश कर रहे थे। तभी गोमती पुल के नीचे नदी के किनारे एक शव पड़ा देखा। नजदीक पहुंचने पर शव की पहचान राज नारायण पांडेय के रूप में हुई।
राज नारायण के परिवारीजनों ने उनकी मौत के लिए उनके चचेरे भाई संजय पांडेय पुत्र कमला कांत पांडेय को जिम्मेदार बताया है। परिवारीजनों का आरोप है कि संजय पांडेय ने खेत की बाड़ में करंट दौड़ा रखा है। रात में निमंत्रण से लौटते समय राज नारायण करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। शनिवार की सुबह संजय पांडेय अपनी पत्नी रेखा और बेटे अंकुर की मदद से शव को खेत के बाड़ से उठाकर दूर गोमती नदी के पुल के नीचे फेंक आए।
सूचना के बाद मौके पर प्रभारी एसओ करौंदीकलां शिवाकांत तिवारी पहुंच गए। पुलिस पूछताछ कर रही थी कि एक महिला ने बताया कि शनिवार को संजय और उनकी पत्नी व बेटा बोरे में कुछ लेकर जा रहे थे। यह सुराग मिलने के बाद पुलिस जब संजय के घर पहुंची तो वहां कोई नहीं मिला। प्रभारी एसओ ने बताया कि मृतक के बेटे अंकित की तहरीर पर संजय, रेखा और अंकुर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।