सुल्तानपुर। केंद्रीय मंत्री व अमेठी जिले की सांसद स्मृति ईरानी, उनके निजी सचिव समेत तीन लोगों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका सिंह की ओर से केस दर्ज कराने के लिए दी गई अर्जी पर सोमवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई। स्पेशल जज एमपी-एमएलए पीके जयंत ने वर्तिका सिंह का पक्ष सुनने के बाद अपना आदेश सुनाने के लिए 20 फरवरी की तिथि नियत की है। मामला अमेठी जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली से जुड़ा है।
प्रतापगढ़ जिले के रायचंदपुर गांव निवासी निशानेबाज वर्तिका सिंह ने पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री व अमेठी जिले की सांसद स्मृति ईरानी, उनके निजी सचिव विजय गुप्ता निवासी मुसाफिरखाना जिला अमेठी और अयोध्या निवासी डॉ. रजनीश सिंह के खिलाफ एमपी-एमएलए कोर्ट में केस दर्ज कराने के लिए अर्जी दी थी। वर्तिका का आरोप है कि राष्ट्रीय महिला आयोग के सदस्य पद पर नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर उनसे आरोपी डॉ. रजनीश सिंह ने 25 लाख रुपये की मांग की थी और कहा था कि यह रुपया केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व उनके निजी सचिव विजय गुप्ता की ओर से मांगा गया है। स्पेशल जज एमपी-एमएलए पीके जयंत की कोर्ट में सोमवार को वर्तिका सिंह के अधिवक्ता रोहित त्रिपाठी ने मामले में अपनी बहस पूरी की। स्मृति ईरानी व उनके निजी सचिव विजय गुप्ता के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने बताया कि कोर्ट ने अपना आदेश सुनाने के लिए 20 फरवरी की तिथि नियत की है।