सुल्तानपुर। केंद्रीय मंत्री एवं अमेठी जिले की सांसद स्मृति ईरानी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने वाली अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका सिंह का मंगलवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में बयान दर्ज किया गया। स्पेशल जज एमपी-एमएलए पीके जयंत ने अन्य गवाहों का बयान दर्ज करने के लिए 19 फरवरी की तिथि नियत की है।
निशानेबाज वर्तिका सिंह ने अपने बयान में कांग्रेस से संबंध होने से इंकार किया। कहा कि, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने उनके कांग्रेस से संबंध होने और कई जगहों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की झूठी बात कहकर मानहानि की है। कोर्ट ने वर्तिका सिंह का बयान दर्ज करने के बाद अन्य गवाहों का बयान दर्ज करने के लिए 19 फरवरी की तिथि नियत की है। विदित हो कि प्रतापगढ़ जिले के रायचंदपुर गांव निवासी वर्तिका सिंह ने पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री एवं अमेठी जिले की सांसद स्मृति ईरानी के खिलाफ जिले की एमपी-एमएलए कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर कर उन्हें तलब कर दंडित करने की मांग की है।
धोखाधड़ी केस मेें छह को होगी सुनवाई
वर्तिका सिंह ने पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, उनके निजी सचिव विजय गुप्त व अयोध्या निवासी रजनीश सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए जिले की एमपी-एमएलए कोर्ट में अर्जी दी थी। इसमें वर्तिका ने राष्ट्रीय मानवाधिकर आयोग में सदस्य पद पर नियुक्ति दिलाने के नाम पर रुपये मांगने का आरोप लगाया था। उन्होंने इसमें स्मृति ईरानी की भी मिलीभगत होने का आरोप लगाया है। कोर्ट ने पिछले दिनों क्षेत्राधिकार के मुद्दे पर सुनवाई करके आदेश सुरक्षित रख लिया था। मंगलवार को इस पर कोर्ट ने अपना आदेश नहीं सुनाया। स्मृति ईरानी के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने बताया कि मामले में अगली सुनवाई के लिए छह फरवरी की तिथि नियत की गई है।