सुल्तानपुर। किशोर का अपहरण कर हत्या करने के मामले में स्पष्ट रिपोर्ट नहीं देने पर तलब किए गए सीओ लंभुआ अब्दुस्लाम व विवेचक दरोगा वेद प्रकाश शर्मा शुक्रवार को कोर्ट में पेश हुए। उन्हें एससी-एसटी एक्ट की विशेष कोर्ट के न्यायाधीश राकेश पांडेय ने फटकार लगाते हुए मामले में सही विवेचना करने का आदेश दिया है। अगली सुनवाई के लिए दो अप्रैल की तिथि तय की है। चांदा थाने के अनुसूचित जाति के महराजदीन के नाबालिग पुत्र प्रियांशु की 20 मई 2023 को अपहरण करने के बाद हत्या कर दी गई थी। महराजदीन ने अज्ञात में केस दर्ज कराया था।
अमेठी के गुंगवाछ कांड में नहीं हुई जिरह
सुल्तानपुर। अमेठी के गुंगवाछ कांड में अभियोजन पक्ष के तीसरे गवाह राज कुमार से शुक्रवार को वकीलों के कार्य बहिष्कार के कारण जिरह नहीं हुई। एडीजे चतुर्थ एकता वर्मा ने अगली सुनवाई के लिए 27 मार्च की तिथि तय की है। 15 मार्च 2022 को अमेठी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पूरे राजापुर मौजा गुंगवाछ के पूर्व ग्राम प्रधान संकठा यादव, उनके पुत्र हनुमान उर्फ बजरंगी, अमरेश यादव व पत्नी नइका उर्फ पार्वती देवी की जमीन को लेकर चल रही रंजिश में हत्या कर दी गई थी। (संवाद)
एक्सईएन हत्याकांड में टली सुनवाई
सुल्तानपुर। जल निगम के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार की हत्या के मामले में शुक्रवार को वकीलों के कार्य बहिष्कार से सुनवाई टल गई। अगली सुनवाई 24 मार्च को होगी। कोतवाली नगर के विनोवापुरी मोहल्ले में किराए के मकान में 17 अगस्त 2024 को अधिशासी अभियंता संतोष कुमार की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने जल निगम के सहायक अभियंता अमित कुमार शाह व एक अन्य आरोपी प्रदीप राम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
चिकित्सक हत्याकांड में नहीं हुई सुनवाई
सुल्तानपुर। चिकित्सक घनश्याम तिवारी हत्याकांड में शुक्रवार को वकीलों के कार्य बहिष्कार के कारण सुनवाई नहीं हुई। एडीजे प्रथम संतोष कुमार ने मामले में अगली सुनवाई के लिए छह मार्च की तिथि तय की है। 23 सितंबर 2023 को कोतवाली नगर के नरायनपुर गांव में डॉ. घनश्याम तिवारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले में नरायनपुर गांव के अजय नारायण सिंह, उसके पिता जगदीश नारायण सिंह, चचेरे भाई विजय नारायण सिंह व ड्राइवर दीपक सिंह के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी।