सुल्तानपुर। सराफा डकैती कांड के आरोपी मंगेश यादव व उसके अज्ञात साथी द्वारा पुलिस टीम पर हुए हमले के आरोप से जुड़े केस में दाखिल फाइनल रिपोर्ट पर बृहस्पतिवार को एसीजेएम प्रथम की अदालत में सुनवाई चली। कोर्ट में एसटीएफ सीओ डीके शाही ने अपना बयान दर्ज कराया।
न्यायाधीश शुभम वर्मा ने बयान दर्ज कर पत्रावली अग्रिम आदेश के लिए सुरक्षित कर ली है। चौक इलाके में 28 अगस्त को बदमाशों ने भारत जी सोनी की दुकान से करोड़ों के जेवरात लूटे थे। वारदात में प्रकाश में आए जौनपुर जिले के मंगेश यादव व उसके साथी को एसटीएफ सीओ डीके शाही ने पुलिस टीम के साथ पांच सितंबर को कोतवाली देहात के मिश्रपुर पुरैना के पास पकड़ने का प्रयास किया। जवाबी फायरिंग में मंगेश यादव की मौत हो गई थी, जबकि दूसरे आरोपी का पुलिस सुराग ही नहीं लगा सकी।
विवेचना तत्कालीन थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह ने पूरी कर फाइनल रिपोर्ट कोर्ट में पेश की थी, जिसमें एसटीएफ क्षेत्राधिकारी धर्मेंद्र कुमार शाही का बयान दर्ज हुआ। जौनपुर न्यायालय में तत्कालीन एसपी व एसटीएफ सीओ डीके शाही समेत अन्य के खिलाफ मंगेश की हत्या के आरोप से जुड़ी अर्जी में सुनवाई के लिए 30 जून की तारीख सीजेएम जौनपुर कोर्ट ने नियत की है, जिसमें डीआईजी अयोध्या से रिपोर्ट तलब की गई है।