72,825 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में शुक्रवार को डायट में आयोजित हुई काउंसलिंग में 103 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। काउंसलिंग में सबसे अधिक पिछड़ा वर्ग कला के पुरुष अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में शुक्रवार को आयोजित शिक्षक भर्ती प्रक्रिया की 13वीं काउंसलिंग में कुल 103 अभ्यर्थी शामिल हुए। काउंसलिंग में 96 पुरुष एवं सात महिलाएं शामिल रहीं। विशेष आरक्षण से संबंधित रिक्त सीटों की वजह से काउंसलिंग कराने वाले अभ्यर्थियों की संख्या कम रही। गौरतलब है कि 72,825 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में जिले को कुल 1400 सीटें आवंटित थीं।
लगभग सवा साल चली 12 काउंसलिंग में कुल 1,171 अभ्यर्थी चयनित हुए थे। शुक्रवार को रिक्त 229 सीटों के लिए 13 वीं काउंसलिंग आयोजित कराई गई लेकिन मात्र 103 अभ्यर्थियों ने ही हिस्सा लिया। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि 13 वीं काउंसलिंग के बाद बची सीटों के लिए फिर से काउंसलिंग कराई जाएगी।
इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी पंकज यादव, फूलचंद्र मौर्य, पटल सहायक लाल बहादुर, एबीआरसी पंकज सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
आज मिलेगा नियुक्ति पत्र
शुक्रवार को डायट में आयोजित हुई काउंसलिंग में शामिल हुए अभ्यर्थियों में से चयनित लोगों को शनिवार को अपराह्न तीन बजे नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। इसके पहले चयन सूची में शामिल न हो पाने वाले अभ्यर्थियों का मूल प्रमाणपत्र सुबह 10 बजे से दो बजे तक वापस किया जाएगा।