सुल्तानपुर। जिले में बृहस्पतिवार को टीकाकरण के लिए निर्धारित लक्ष्य 3078 के सापेक्ष कुल 2906 कोरोना योद्धाओं को वैक्सीन दी गई। वैक्सीनेशन के लिए जिले में 14 केंद्र बनाए गए थे। सीएमओ ने जिला अस्पताल और सीएचसी पर पहुंचकर वैक्सीनेशन का जायजा लिया।
वैक्सीन लगवाने के लिए बृहस्पतिवार को सुबह से ही कोरोना योद्धा अस्पताल पहुंचने लगे। सीएमओ डॉ. डीके त्रिपाठी जिला महिला अस्पताल व कई सीएचसी पर टीकाकरण का जायजा लिया। जिला महिला अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई। टीकाकरण के बाद सभी को 30 मिनट तक निगरानी कक्ष में रखा गया। निगरानी कक्ष से बाहर निकलने के बाद कोरोना योद्धाओं ने कहा कि देश में बनी वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। शाम तक चले टीकाकरण में पूर्व निर्धारित लक्ष्य 3078 के सापेक्ष 2906 लोगों को वैक्सीन दी गई। सीएमओ डॉ. डीके त्रिपाठी ने कहा कि कोरोना की वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। अपनी बारी आने पर लोग कोरोना की वैक्सीन निडर होकर लगवाएं।