सुल्तानपुर। तीन दिन पूर्व दिल्ली से लौटे सपा के पूर्व विधायक संतोष पांडेय कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मंगलवार की देर शाम लखनऊ से आई आरटीपीसीआर जांच में इसकी पुष्टि हुई है। संक्रमित पाए जाने पर भदैंया निवासी पूर्व विधायक ने समर्थकों के साथ खुद को होम आइसोलेट कर लिया है। बुधवार को इसका पता चलने पर सीएचसी भदैंया में हड़कंप मच गया। पूर्व विधायक मंगलवार को सड़क हादसे में घायल लोगों को लेकर खुद सीएचसी पहुंचे थे।
भदैंया सीएचसी के कर्मियों ने बताया कि मंगलवार की दोपहर सवारियों से भरी एक टैंपो अनियंत्रित होकर पलट गई थी। इस हादसे में घायल हुए लोगों को पूर्व विधायक अपने वाहन से लेकर सीएचसी पहुंचे थे। पूर्व विधायक सीएचसी पर काफी समय मौजूद भी थे। उनके कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद भदैंया सीएचसी को सैनेटाइज किया जा रहा है। सीएमओ डॉ. डीके त्रिपाठी ने बताया कि प्रभारी चिकित्सक को सीएचसी को सैनिटाइज कराने का निर्देश दिया गया है।