सुल्तानपुर। मुंबई से परिवार के साथ लौटी एक किशोरी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। किडनी की बीमारी से जूझ रही किशोरी की लखनऊ में हुई जांच के बाद कोरोना की पुष्टि हुई है। अब संक्रमितों की संख्या 89 हो गई है। साथ ही लखनऊ से सोमवार को आई 158 नमूनों की रिपोर्ट से स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन ने राहत की सांस ली है। इसमें सभी निगेटिव हैं।
मुंबई से अपने परिवार के साथ 21 मई को लौटी धनपतगंज कस्बे की एक किशोरी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक किशोरी किडनी की बीमारी से जूझ रही है। उसे पहले जिला अस्पताल इलाज के लिए लाया गया था।
बाद में चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। पीजीआई लखनऊ में किशोरी की हुई जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है। सूचना मिलने पर प्रशासन के निर्देश पर मोहल्ले को सैनिटाइज किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले दिनों पिपरी सांईनाथपुर गांव निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद उसका सैंपल लेकर जांच को भेजा गया था।
जांच रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। इसके साथ ही सोमवार को आई 158 नमूनों की जांच रिपोर्ट राहत भरी रही। इसमें सभी रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। सीएमओ ने बताया कि इसमें केएनआईटी कोविड केयर सेंटर में इलाज करवा रहे एक युवक की भी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
युवक के स्वस्थ होने की वजह से डिस्चार्ज कर दिया गया गया है। एक संक्रमित मिलने पर जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 89 हो गई है, जबकि एक भर्ती मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आने पर एक्टिव केसों की संख्या 61 रह गई है।