सुल्तानपुर। जिले में हृदयरोग से पीड़ित कोरोना संक्रमित एक वृद्धा की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। वृद्धा की मौत के बाद जिले में संक्रमण की चपेट में आए मृतकों की संख्या 26 हो गई है। इसके साथ ही दो दिनों की आई जांच रिपोर्ट में अस्थाई जेल में निरुद्घ 17 लोग समेत 87 कोरोना संक्रमित पाए गए।
शहर के पारकींसगंज निवासी एक 65 वर्षीय महिला की लखनऊ में इलाज के दौरान महिला की 13 अगस्त की देर शाम मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक महिला कई वर्षों से हृदयरोग से पीड़ित थी। महिला की मौत के बाद जिले में संक्रमित मृतकों की संख्या 26 हो गई है।
डीएम सी. इंदुमती के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने रिपोर्ट जारी की है। सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि दो दिनों एंटीजन, ट्रूनेट व लैब रिपोर्ट में 87 संक्रमित मिले हैं। 10 व 11 अगस्त को लिए गए सैंपलों की लैब रिपोर्ट में 46 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसमें फरीदीपुर स्थित अस्थाई जेल में निरुद्घ 17 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
शहर के शाहगंज पुरानी बाजार में एक किशोर, करौंदिया में तीन अधेड़, विवेकनगर में एक वृद्घ, एक किशोरी व एक बच्चा, आदर्शनगर में एक किशोरी समेत दो, वैष्णवनगर गभड़िया में एक मां-बेटी व केएनआई कस्बा में एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है।
शहर के पारकींसगंज में दो, कोतवालीनगर क्षेत्र में एक अधेड़, ख्वाजा मंडी में एक किशोर व कुड़वार रोड के पंजाबी कॉलोनी का एक युवक संक्रमित मिला है। लंभुआ के सरायअचल में एक युवक, गुप्तारगंज में दो महिला, एक अधेड़ व एक युवक, इस्लामगंज कुछमुछ में एक युवक व भोएं दूबेपुर में एक महिला पॉजिटिव पाई गई है।
धम्मौर के ब्रह्मजीतपुर की एक महिला, फत्तेपुर हसनपुर का एक युवक, अभियाखुर्द का एक युवक, पूरे रुपई मिश्र का पुरवा केवटली का एक युवक व धरमंगल का पुरवा सोहगौली का एक युवक संक्रमित पाया गया है। 15 अगस्त को ट्रूनेट की जांच में तीन व एंटीजन की जांच में पांच कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
14 अगस्त की एंटीजन की जांच में 32 व ट्रूनेट की जांच में एक पॉजिटिव मिला है। रिपोर्ट आने के बाद कुछ संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ को आइसोलेट किया गया है। दो दिनों में स्वस्थ होने पर 28 को डिस्चार्ज किया गया है।