भदैंया। आठ दिन की हड़ताल के बाद शनिवार को सहकारी समितियों का ताला खुल गया। इसके साथ ही खाद का वितरण शुरू हो गया है। भदैयां की सभी आठ सहकारी समितियां आठ दिनों से बंद थीं। समिति सचिव और सहकारी कर्मचारी 22 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे।
एक नवंबर से धान की खरीद शुरू होनी है, जिसके लिए क्रय केंद्र खोले गए हैं। सहकारिता मंत्री ने शुक्रवार को लखनऊ में सहकारी सचिवों के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात की थी। उनके आश्वासन के बाद हड़ताल खत्म हुई और शनिवार को सभी समितियों पर ताला खुला। समिति सचिव बृजेश शर्मा ने बताया कि हड़ताल वापस होने पर तालाबंदी खत्म हुई है। छतौना, बरुई, हनुमानगंज, भपटा, मीरानपुर सहित सभी समितियों पर यूरिया व एनपीके की बिक्री की गई। संवाद