मेडिकल कॉलेज के आयुष विंग में मरीज देखते चिकित्सक। -संवाद
सुल्तानपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मियों के काम पर लौटने से सोमवार को जिले में स्वास्थ्य सेवाएं पटरी पर लौटने लगीं। मेडिकल कॉलेज की आयुष विंग में आयुर्वेदिक, यूनानी और होम्योपैथिक ओपीडी शुरू हो गई। पहले दिन तीनों विभागों में 400 से अधिक मरीजों ने इलाज कराया।
मांगों को लेकर 874 संविदा कर्मियों के हड़ताल पर रहने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित थीं। आयुष विंग की ओपीडी बंद होने से मरीजों को परेशानी हो रही थी। कई मरीज निजी क्लीनिकों में इलाज कराने को मजबूर थे। ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले भी फार्मासिस्टों के सहारे संचालित हो रहे थे।
सोमवार को चिकित्सकों के ड्यूटी पर लौटने के बाद तीनों पैथियों में उपचार शुरू हुआ। आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. एसके श्रीवास्तव, यूनानी चिकित्सक डॉ. तारिक और होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. राघवेंद्र सोनकर ने मरीजों को देखा।
एनएचएम संविदा कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष आकर्ष शुक्ला ने बताया कि शासन स्तर से मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल स्थगित कर दी गई है। सीएमओ डॉ. भारत भूषण ने बताया कि सभी संविदा चिकित्सक और कर्मचारी काम पर लौट आए हैं। मेडिकल कॉलेज समेत सभी सीएचसी और पीएचसी में स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।