कुड़वार। कस्बे के अलीगंज मोड़ पर रविवार रात तेज आवाज में डीजे बजाने के आरोप में पुलिस ने दो संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि पुलिस के बार-बार मना करने के बावजूद संचालकों ने आवाज कम नहीं की। पुलिस ने मौके की फोटो और वीडियो भी बनाई।
कुड़वार थाने के उपनिरीक्षक अंबरीश कुमार पाठक रविवार रात करीब 10 बजे दल-बल के साथ गश्त कर रहे थे। उसी दौरान अलीगंज मोड़ पर देवी प्रतिमाएं ले जाने के लिए निकले दो डीजे तेज आवाज में बजते मिले। दोनों संचालकों के बीच प्रतिस्पर्धा के चलते आवाज और तेज करने की बात सामने आई।
तेज आवाज से परेशान स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों ने पुलिस से शिकायत की। लोगों ने धड़कन तेज होने और सांस लेने में परेशानी होने की बात कही। इस पर पुलिस ने डीजे संचालकों को आवाज कम करने के निर्देश दिए और ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों की जानकारी दी। इसके बावजूद आवाज कम नहीं की गई।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि उपनिरीक्षक की तहरीर पर पर्यावरण संरक्षण अधिनियम और ध्वनि प्रदूषण संबंधी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद आरोपियों में कुड़वार निवासी सूरज कुमार मोदनवाल और महुली, प्रतापगढ़ का एक अन्य डीजे संचालक शामिल है। दूसरे संचालक के नाम और अन्य विवरण का पता लगाया जा रहा है।