गौरीगंज। उर्वरक की कालाबाजारी व ओवर रेटिंग पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार देर शाम उर्वरक की कई दुकानों पर छापे मारे गए।
इस दौरान दुकानों में मौजूद उर्वरक के नमूनों को सील करने के साथ ही कमी मिलने पर पांच को नोटिस तो दो दुकानदारों का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया। टीम ने विक्रेताओं को सात दिन में जवाब देने को कहा है।
धान की रोपाई के सीजन में उर्वरक बिक्री में आए दिन सामने आ रही मिलावट, ओवर रेटिंग व कालाबाजारी की शिकायत पर डीएम प्रशांत शर्मा ने कृषि विभाग को टीम गठित कर दुकानों पर छापा मारने का निर्देश दिया है।
इस पर जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय ने शनिवार देर शाम उर्वरक की कई दुकानों का औचक निरीक्षक किया। इस दौरान स्टॉक, बिक्री रजिस्टर के साथ पॉइंट ऑफ सेल मशीन की जांच करते हुए किसानों के बयान दर्ज किए गए।
कृषि अधिकारी ने सभी दुकानों में मौजूद उर्वरकों के नमूने सील कर प्रयोगशाला भेजते हुए कमी मिलने पर पांच दुकानदारों को नोटिस जारी किया है।
निरीक्षण के दौरान कृषि अधिकारी ने जाफरगंज स्थित सौरभ गुप्ता खाद भंडार व राजपूत फर्टिलाइजर्स की दुकान पर स्टॉक बोर्ड, रेट बोर्ड अपूर्ण मिलने के साथ कई अन्य कमियों पर दुकान का अनुबंध निलंबित करते हुए जवाब-तलब किया है।
कृषि अधिकारी ने जांच में नमूनों के फेल होने तथा जवाब से संतुष्ट न होने पर केस दर्ज कराने की चेतावनी दी है। इस कार्रवाई से उर्वरक विक्रेताओं में हड़कंप मचा है।