दरियापुर अधीक्षण अभियंता कार्यालय के पास प्रदर्शन करते विद्युत संविदा कर्मचारी संघ के सदस्य।
सुल्तानपुर। 72 घंटे के कार्य बहिष्कार के दूसरे दिन बुधवार को संविदा कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। जिससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। इंजीनियरों ने भी निजीकरण के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है।
अधीक्षण अभियंता कार्यालय दरियापुर के पास प्रदर्शन करते हुए संविदा कर्मचारियों ने कहा कि नई कंपनी निगम की शह पर वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। जिलाध्यक्ष आनंद अग्रहरि और महामंत्री अजय चौरसिया ने कहा कि निगम नई कंपनी के जरिए कम कर्मचारियों को रखना चाह रहा है।
इस मौके पर कामता प्रसाद, मनोज कुमार, जितेंद्र कुमार, अजय, सुनील, राकेश कुमार समेत बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी मौजूद रहे। इधर, कार्य बहिष्कार के बीच इंजीनियर संघ भी निजीकरण के विरोध में उतर पड़ा। बुधवार को तीन घंटे का कार्य बहिष्कार करते हुए इंजीनियरों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय के पास प्रदर्शन किया। विरोध में डीएन प्रसाद, रविशंकर, जियालाल समेत अन्य शामिल रहे।