अमेठी। शासन की ओर से धन निर्गत करने की वजह से अधूरे पड़े राजकीय हाईस्कूल अफुइया का सोमवार को डीआईओएस ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधूरे भवन के निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता खराब तथा प्लास्टर में जगह-जगह दरार मिली।
इससे नाराज डीआईओएस ने कार्यदायी संस्था के प्रभारी को नोटिस देकर जवाब मांगने के साथ ही तकनीकी समिति को निर्माण कार्य मेें प्रयुक्त सामग्री की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
जनपद में माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से निर्माणाधीन स्कूलों को समय सीमा में गुणवत्तापरक ढंग से पूरा कराने के लिए डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने सोमवार को धनाभाव के कारण अधूरे पड़े राजकीय हाईस्कूल अफुइया का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य बंद मिला। इतना ही नहीं निर्माण कार्य मेें प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता खराब तथा प्लास्टर के बावजूद दीवारों पर जगह-जगह दरार व होल देख डीआईओएस का पारा चढ़ गया।
नाराज डीआईओएस ने विभाग की ओर से गठित तकनीकी समिति को स्कूल भवन निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की अब तक हुई जांच की रिपोर्ट कार्यालय में जमा करने के साथ ही पुन: प्रयुक्त सामग्री को कार्यदायी संस्था के जिम्मेदारों की मौजूदगी में सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने का निर्देश दिया।
डीआईआईएस ने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राजकीय सहकारी संघ लिमिटेड सुल्तानपुर के एक्सईएन को नोटिस देकर शासन से पत्राचार कर शेष धनराशि की मांग करते हुए निर्माण कार्य को पूरा कराने तथा अब तक हुए निर्माण की गुणवत्ता खराब दिखने पर जवाब देने को कहा है।
डीआईओएस ने जवाब से संतुष्ट नहीं होने तथा निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता खराब होने पर रिकवरी के साथ विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।