फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अनुमति के अभाव में लटका ओवरब्रिज का निर्माण कार्य

विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। सुल्तानपुर-वाराणसी फोरलेन पर पयागीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन ओवर ब्रिज का निर्माण रेलवे की अनुमति के अभाव में लटक गया है। रेलवे से इजाजत नहीं मिलने से फोरलेन के निर्माण को भी झटका लगा है। करीब 18 सौ करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट के समय से पूरा होने की संभावना कम होती जा रही है।
विज्ञापन

प्रदेश की राजधानी लखनऊ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र वाराणसी को फोरलेन से जोड़ने के लिए एनएचएआई की ओर से दो खंडों में फोरलेन का निर्माण करीब पांच वर्ष पहले स्वीकृत हुआ था।
इसमें लखनऊ-सुल्तानपुर खंड का निर्माण एक वर्ष पहले पूरा हो गया। अभी दूसरे खंड सुल्तानपुर-वाराणसी का 1792 करोड़ रुपये से करीब 139 किमी मार्ग को फोरलेन बनाने का कार्य चल रहा है।
विज्ञापन

जिले की सीमा में कार्य कर रही गायत्री प्रोजेक्ट लिमिटेड की ओर से पयागीपुर में स्थित सुल्तानपुर-प्रयागराज रेलवे क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। ब्रिज का निर्माण शुरू करने के साथ ही एनएचएआई ने रेलवे से क्रॉसिंग पर निर्माण के लिए इजाजत मांगी थी।
करीब साल भर से चल रही अनुमति की प्रक्रिया अभी तक अधर में लटकी है। हालांकि करीब एक माह पहले प्रशासनिक अधिकारियों ने समीक्षा के दौरान रेलवे के इंजीनियरों को जल्द अनुमति दिलाने का निर्देश दिया था। साथ ही कार्यदायी संस्था गायत्री प्रोजेक्ट लिमिटेड व एनएचएआई के अधिकारियों को भी पैरवी में तेजी लाने का निर्देश दिया था।
इसके बाद भी प्रक्रिया सुस्त पड़ी है। रेलवे से अनुमति नहीं मिलने से पयागीपुर क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज का निर्माण ठप हो गया है। निर्माण कार्य रुक जाने से फोरलेन के निर्माण को झटका लगा है। फोरलेन का निर्माण कार्य समय से पूरा होने की संभावना कम होती जा रही है।
भारत सरकार राजमार्ग मंत्रालय ने एनएचएआई को पहले सुल्तानपुर-वाराणसी फोरलेन का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य मार्च 2021 दिया था। अब सुस्ती को देखते हुए मंत्रालय ने इसे जून 2021 कर दिया है। करीब चार वर्ष से निर्माणाधीन फोरलेन की रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माण की अनुमति नहीं मिलने से समय पर कार्य पूरा होने की संभावना कम होती जा रही है।
उप परियोजना प्रबंधक तकनीकी जतिन लक्ष्मनी ने बताया कि अनुमति की प्रक्रिया चल रही है। कई मुद्दों का निस्तारण हो चुका है। जल्द ही अनुमति मिल जाएगी। इजाजत मिलने के बाद कार्य पूरा करा दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें