सुल्तानपुर। बिजली कटौती समेत अन्य समस्याओं को लेकर मंगलवार को कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट के अंदर सरकार के विरोध में नारेबाजी की और पांच सूत्री मांगपत्र प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा व शहर अध्यक्ष शकील अंसारी के नेतृत्व में कांग्रेसियों का हुजूम कलेक्ट्रेट पहुंचा। प्रदेश सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ जन विरोध में कार्य करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। डीएम को बुलाने की मांग पर अड़े कांग्रेसियों और पुलिस के बीच कहासुनी हुई। हालांकि बाद में सिटी मजिस्ट्रेट दीपक वर्मा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में नहरों में तुरंत पानी छोड़ने, माइनरों की सफाई त्वरित गति से कराए जाने, शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक 22 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, खराब ट्रांसफार्मर, जर्जर तार व खंभे को तत्काल बदलने समेत अन्य मांगें की गई हैं। इस मौके पर लाल पद्माकर सिंह, हौशिला भीम, महेन्द्र सिंह, अपरबल सिंह, पवन मिश्र कटांवा, प्रेम भारती, सुब्रत सिंह सनी, कुमारी निकलेश सरोज, विभु पांडे, नंदलाल मोर्य, अवधेश गौतम, गुड्डू जायसवाल, वीरेन्द्र तिवारी नन्हे, श्याम लगन, मो अनवर, ममनून आलम, विनय त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।