कादीपुर। अखंडनगर मार्ग पर चीनी मिल चौराहे के पास रविवार रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में छह लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
एक बाइक पर लखीमपुर खीरी के सरयू नगर निवासी गुड्डू (27), दीपू (29) और छोटू (18) सवार थे। तीनों मुड़िलाडीह की तरफ से आ रहे थे। दूसरी बाइक पर फतेहबहादुर गुप्ता (50), उनकी पत्नी शीला देवी (49) और बेटी अंजलि (22) सवार थीं।
वे कस्बे से राणा नगर मोहल्ला स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइकों में भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे पुलिस उपाधीक्षक विनय गौतम ने घायलों को अपने वाहन से सीएचसी कादीपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। सीओ ने बताया कि दीपू, फतेहबहादुर और अंजलि को गंभीर चोट आई है।
तीनों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। गुड्डू, शीला देवी और छोटू का सीएचसी में उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय दोनों बाइक चालकों ने हेलमेट नहीं पहने थे।