लंभुआ। शिवनगर मोहल्ले में चोरों ने एक ही रात दो घरों को निशाना बनाया। करीब 250 मीटर के दायरे में हुई दोनों वारदातों में चोर एक घर की ग्रिल काटकर अंदर घुसे तो दूसरे में दीवार के सहारे दूसरी मंजिल पर पहुंचकर कमरे का ताला काट दिया। दोनों घरों से करीब 15 लाख रुपये से अधिक के जेवरात व नकदी चोरी होने का अनुमान है। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
नगर पंचायत के बेदूपारा स्थित पंडित का पूरा मोहल्ले में किसान राजनाथ यादव के घर को चोरों ने रविवार रात निशाना बनाया। खेत की तरफ वाले कमरे की ग्रिल काटकर अंदर घुसे चोरों ने बक्से और अलमारी खंगाल डाली।
वहां से सोने का मांग टीका, झुमका, हार, लॉकेट, दो चेन, तीन अंगूठियां, चांदी की करधन, पाजेब और दो जोड़ी पायल समेट ले गए। राजनाथ दूसरे कमरे में सो रहे थे। इस वजह से वारदात की भनक नहीं लगी।
इसी रात बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक जितेंद्र तिवारी के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। दीवार के सहारे छत पर पहुंचे और दूसरी मंजिल पर बने कमरे का ताला काटकर अंदर दाखिल हो गए। वहां रखे जेवरात और नकदी पार कर ली।
शिक्षक के भाई रामसुख तिवारी की पत्नी मीरा तिवारी घर पर मौजूद थीं, लेकिन वह दूसरी मंजिल के दूसरे कमरे में सो रही थीं। इस कारण चोरी का पता तत्काल नहीं चल सका।
दोनों घटनाओं की जानकारी होने पर प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार और पुलिस उपाधीक्षक ऋतिक कपूर ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस चोरी के तरीके और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर जांच कर रही है।
खाली कमरों की टोह, फिर वारदात
दोनों घरों में चोरों ने ऐसे कमरों को निशाना बनाया, जहां कीमती सामान रखे थे, लेकिन उस वक्त कोई सो नहीं रहा था। राजनाथ यादव के कमरे का पंखा खराब होने के कारण वह दूसरे कमरे में सो रहे थे। वहीं, रामसुख तिवारी की पत्नी मीरा तिवारी भी दूसरी मंजिल पर ही दूसरे कमरे में थीं। दोनों घरों में लोगों की मौजूदगी के बावजूद चोरों का वारदात को अंजाम देकर निकल जाना सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करता है।
सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग से मिल सकता है सुराग
शिक्षक जितेंद्र तिवारी के घर के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इनमें से एक कैमरा उस दिशा में भी लगा है, जहां से चोरों के छत पर पहुंचने की आशंका है। उसका डीवीआर घर में सुरक्षित बताया जा रहा है। कैमरे में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि कैद होने की चर्चा है। पुलिस कैमरे की रिकॉर्डिंग की जांच कर संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
एक मामले में प्राथमिकी, दूसरे में पड़ी तहरीर
पुलिस उपाधीक्षक ऋतिक कपूर ने बताया कि राजनाथ यादव की तहरीर के आधार पर चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दूसरे मामले में पीड़िता मीरा तिवारी की ओर से भी तहरीर मिली है, प्राथमिकी दर्ज करने की कार्यवाही की जा रही है।