पॉलीटेक्निक की एक छात्रा शिक्षक की छेड़छाड़ से आजिज है। कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी जब आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो छात्रा ने राज्य महिला आयोग को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
महिला आयोग ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मामले में कार्रवाई करने का आदेश दिया है। गुरुवार को सीओ अमेठी ने कॉलेज पहुंचकर पीड़ित छात्रा का बयान दर्ज किया। छात्रा के साथ हुई घटना से कॉलेज में हड़कंप मचा है।
सुल्तानपुर जिले के मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा एक पॉलीटेक्निक में पढ़ाई कर रही है। आरोप है कि छात्रा के साथ संस्थान के प्रशिक्षक/ प्राध्यापक चंद्रकांत शुक्ला और स्टोर कीपर आरपी तिवारी काफी समय से छेड़छाड़ कर रहे हैं।
छात्रा ने इसका विरोध किया तो प्रशिक्षक ने सेशनल परीक्षा में कम अंक देकर फेल करने की धमकी देना शुरू कर दिया। इस बीच कॉलेज में प्रशिक्षक व स्टोर कीपर की छेड़खानी से छात्रा तंग आ गई। छात्रा ने कॉलेज में इसकी शिकायत की लेकिन किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की। थक हारकर छात्रा ने राज्य महिला आयोग को पत्र लिखकर अपने साथ हो रही घटना से अवगत कराया।
आयोग ने पुलिस अधीक्षक अमेठी को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई कर खुद को अवगत कराने का आदेश दिया। इसी कड़ी में गुरुवार को एसपी के आदेश पर सीओ अमेठी रवि कुमार चतुर्वेदी छात्रा का बयान लेने पॉलीटेक्निक पहुंचे तो अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सीओ ने पीड़ित छात्रा का बयान दर्ज किया।