कड़ाके की ठंड जिले में जानलेवा होने लगी है। अविभाजित जिले (अमेठी जिले के गठन से पहले की स्थिति) में दो किसान समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जिला प्रशासन मौत की जांच की बात कह रहा है। मृतक के परिवारीजनों ने शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।
सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना क्षेत्र के बड़ौरा खाजापुर गांव निवासी किसान नन्हेंलाल (58) पुत्र बरखू प्रजापति बृहस्पतिवार की सुबह खेत में गन्ना काटने गया था। खेत में उसे ठंड लग गई।
परिवारीजन नन्हेंलाल को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल फैजाबाद में भर्ती कराया था। शुक्रवार की सुबह जिला अस्पताल में नन्हेंलाल की मौत हो गई।
शव लेकर गांव पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी लेकिन एक भी राजस्व कर्मी जांच के लिए पीड़ित के घर नहीं पहुंचा। देर शाम परिवारीजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
इस बावत कादीपुर एसडीएम रामअभिलाष ने बताया कि उन्हें मौत की जानकारी मिली है। है। प्रकरण की जांच कराएंगे।
अमेठी जिले के जगदीशपुर थाना अंतर्गत अशरफपुर गांव निवासी किसान शिवराज उर्फ पप्पू (36) पुत्र स्व. रामपियारे शुक्रवार की सुबह खेत में प्याज की पौध लगाने गया था। तभी उसे तेज ठंड लगी और पेट में दर्द उठने लगा। परिवारीजन उसे लेकर अस्पताल जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
परिवारीजनों के मुताबिक शिवराज की मौत ठंड लगने से हुई है। इस बाबत तहसीलदार यशवंत राय ने बताया कि ग्रामीणों ने उन्हें मौत की सूचना दी है। राजस्व कर्मियों को मौके पर भेजा गया है।
अमेठी जिले के ही पीपरपुर थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव निवासी विजय बहादुर की पत्नी सुमन (35) बृहस्पतिवार की शाम खेत गई थीं। खेत से लौटते समय सुमन को तेज ठंड लगने लगी। घर पहुंचकर सुमन ने परिवारीजनों से ठंड लगने की बात कही।
परिवारीजन उसे स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसकी मौत हो गई। इस बाबत उप जिलाधिकारी अमेठी सुभाषचंद्र प्रजापति ने बताया कि हलका लेखपाल नन्हेंलाल को आलमपुर गांव भेजा गया है। लेखपाल की रिपोर्ट मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।