सुल्तानपुर। दीपावली सहित अन्य त्योहारों को देखते हुए मुख्यमंत्री की ओर से निर्बाध बिजली आपूर्ति का आदेश दिए जाने के बाद सिस्टम कंट्रोल से रोज 24 घंटे की निर्बाध बिजली आपूर्ति का कोड पहुंचने लगा है। तीन दिन से लगातार एक-एक दिन का कोड आने से 15 नवंबर तक रोज आने की संभावना पारेषण निगम ने जताई है। निगम के अधिशाषी अभियंता रवि कुमार यादव ने बताया कि मंगलवार को फिर 24 घंटे की आपूर्ति का कोड आया है। वितरण निगम को कोड देकर 24 घंटे की आपूर्ति उपकेंद्रवार की जा रही है।
इधर, मेडिकल कॉलेज परिसर दूबेपुर की करीब एक सप्ताह पूर्व हुई केबल क्षतिग्रस्त के दौरान केबल ज्वाइंटिंग किट भी खराब हो गई थी। इसे अयोध्या भेजा गया था। अयोध्या से किट वापस उपकेंद्र टीपीनगर पहुंच गई है। जेइ जियालाल ने बताया कि रविवार को किट लगाए जाने की तैयारी है। -संवाद
चेयरमैन ने ली ऑनलाइन जानकारी
सुल्तानपुर। पावर कॉरपोरेशन के चेयरमैन ने मंगलवार को मंडल के इंजीनियरों के साथ ऑनलाइन मीटिंग की। बैठक में उन्होंने बिजली आपूर्ति, बिल वसूली व कराए जाने वाले कार्यों के प्रगति की जानकारी ली। स्मार्ट मीटर लगाने के प्रगति भी जानकारी ली। अधिशासी अभियंता पवन कुमार ने बताया कि बैठक में सभी अधिशासी अभियंताओं ने अधीक्षण अभियंता अखिलेश सिंह की मौजूदगी में हिस्सा लिया।