सुल्तानपुर/अमेठी। अमर उजाला की ओर से लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने वाले मेधावी छात्र सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए दोनों जिलों के चारों मेधावी सोमवार को लखनऊ पहुंचे। मंगलवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करेंगे।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल की परीक्षा में सुल्तानपुर जिले से सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज झारखंड कादीपुर की छात्रा दीपशिखा शुक्ला ने सर्वाधिक अंक प्राप्त किया था। वहीं इंटरमीडिएट में श्रीविश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान अखंडनगर की छात्रा साधना राजभर ने जिले में टॉप किया था। अमेठी जनपद में हाईस्कूल की परीक्षा में श्री शिवनायक सिंह सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र अतुल यादव ने सर्वाधिक अंक अर्जित किया था।
इंटरमीडिएट में श्री जंग बहादुर सिंह इंटर कॉलेज ककवा की छात्रा मानसी ओझा को सबसे अधिक अंक मिले थे। अमर उजाला की ओर से आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में इन चारों मेधावियों को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सम्मानित करेंगे। सम्मान समारोह में हिस्सा लेने के लिए सोमवार को ही चारों मेधावी अपने अभिभावकों के साथ लखनऊ के रानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल इंटर कॉलेज गंगा विहार चिनहट पहुंच गए।
इस इंटर कॉलेज में मेधावियों के रात्रि विश्राम एवं भोजन की व्यवस्था की गई है। शासन की ओर से सभी मेधावियों को लखनऊ के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी कराया गया।