जिले के दो मेधावियों का चयन आईआईटी में हुआ है। रविवार को घोषित जेईई एडवांस के रिजल्ट में एक को 1298 वीं व दूसरे को 2751वीं रैंक हासिल हुई है।
देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थान आईआईटी में दाखिला दिलाने वाली प्रवेश परीक्षा में जिले के दो मेधावियों ने सफलता पाई है।
शहर के विनोबापुरी निवासी व अमेठी में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत संजय कुमार तिवारी के पुत्र अभिनव तिवारी को जेईई एडवांस में 1298 रैंक हासिल हुई है। सामान्य कोटे में 1298 रैंक हासिल करने वाले अभिनव ने इसके पूर्व यूपीएसईई में 75वीं रैंक पाई थी। अभिनव की सफलता पर मां प्रतिभा तिवारी, बहन शिवांगी एवं परिवार में खुशी का माहौल है।
परिवार के लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां बांटी। वहीं दूसरी ओर प्राथमिक विद्यालय पूरे अजमत दूबेपुर में अध्यापक विमल कुमार सिंह के पुत्र सौरभ सिंह को 2751 रैंक मिली है। सौरभ ने अपनी सफलता का श्रेय मां किरन सिंह व पिता विमल कुमार सिंह को दिया है।
उनकी सफलता पर प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष दिलीप पांडेय, मंत्री डॉ. एचबी सिंह, प्रवक्ता निजाम खान, व्यायाम शिक्षक बृजेश कुमार सिंह ने हर्ष जताया है।