छोटी दीपावली पर शाम को पूरा शहर जगमग हो गया। शाम को बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। लोग सुबह से देर रात तक खरीदारी में व्यस्त दिखे। गणेश-लक्ष्मी, पूजन सामग्री, लइया-चूरा, दीये व पूजन से जुड़ी हर छोटी से बड़ी चीज लोग खरीदने को आतुर दिखे। पटाखा के अलावा मिठाई की दुकानों पर भी भीड़ थी। लोग अब बस बुधवार शाम के शुभ मुहूर्त का इंतजार कर रहे हैं, जब पूजन के बाद घर में महालक्ष्मी का आगमन होगा।
संवेदनशील स्थानों पर कड़ी होगी सुरक्षा
सुल्तानपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पीएसी तैनात की गई है। संवेदनशील स्थानों पर थानाध्यक्ष नजर रखेंगे। दीपावली पर्व पर जिले की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई है। एक प्लाटून पीएसी के जवानों की ड्यूटी जिले में लगाई है। जिले में पहुंचे पीएसी के जवानों को संवेदनशील थाना क्षेत्रों में तैनात कर दिया गया है।सीओ ने बताया कि पीएसी के जवानों के साथ ही 1200 सौ होमगार्ड, 200 पीआरडी के जवानों को भी ड्यूटी में लगाया गया है।
अलर्ट किए गए चिकित्सक : सीएमओ
सुल्तानपुर। दीपावली पर्व पर पटाखा छुड़ाते समय होने वाले किसी हादसे से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। सीएमओ डॉ. केबी सिंह ने बताया कि जिले की सभी सीएचसी और पीएचसी के चिकित्सकों को अलर्ट पर रखा गया है। सरकारी एंबुलेंस 108 और 102 को जिले के ब्लाकों पर मुस्तैद रहने को कहा गया है। इसके अतिरिक्त एक एंबुलेंस अमहट और एक एंबुलेंस जिला अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात रहेंगी। जिला अस्पताल में इमरजेंसी में रूटीन में तैनात चिकित्सक के साथ ही तीन अतिरिक्त चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है।
आतिशबाजी के दौरान बरतें सुरक्षा : सीएफओ
सुल्तानपुर। दीपावली पर्व पर जिले में आतिशबाजी के दौरान किसी भी आपदा से निपटने के लिए फायर विभाग मुस्तैद है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आरएस मिश्र ने बच्चों और किशोरों को पटाखा छोड़ते समय सावधानी बरतने के कुछ सुझाव जारी किए हैं।