अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंगलवार को हजारों लोग विभिन्न स्थानों पर योग क्रिया सीखेंगे। आर्ट ऑफ लिविंग, पतंजलि, गायत्री परिवार, संत पल्टूदास, विद्या भारती, ब्रह्मकुमारी समेत कई संस्थाओं ने विश्व योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए हैं।
सुबह पांच बजे से शाम तक योग के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। आयोजनों में डॉक्टर, व्यवसायी, नौकरी पेशा समेत विभिन्न वर्ग के लोगों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। शरीर को निरोग रखने के लिए योग को दिनचर्या का हिस्सा बताकर इसका प्रचार-प्रसार सोमवार की शाम तक कराया जाता रहा। शहर में रैली भी निकाली गई।
बॉक्सशहर में चल रहे कई योग प्रशिक्षण केंद्र
जिले में योग सिखाने का कार्य कई वर्षों से कई स्थानों पर चल रहा है। आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से शहर के गोमती हॉस्पिटल में केंद्र का संचालन कई वर्षों से चल रहा है। सेंटर की देखरेख डॉ. आरए वर्मा कर रहे हैं। संत पल्टूदास संस्था की ओर से पर्यावरण पार्क में योग सिखाने का कार्य कई वर्ष से चल रहा है। शहर के कला भवन में पतंजलि योग पीठ की ओर से योग केंद्र का संचालन किया जा रहा है। ब्रह्मकुमारी की ओर से पयागीपुर व सिविल लाइन में योग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
योग से मरीजों को मिल रहा फायदा
डॉ. आरए वर्मा छोटी बीमारियों को दूर करने के लिए मरीजों को रोजाना योग करने की सलाह देते हैं। वह बताते हैं कि आसन व ध्यान को ही योग कहते हैं। नियमित योग से आदमी स्वस्थ रह सकता है।