सुल्तानपुर। रोजेदारों का इंतजार बुधवार की देर शाम खत्म हो गया। 30 रमजान पूरा होने के बाद बृहस्पतिवार को ईद का त्योहार मनाया जाएगा। बृहस्पतिवार को सुन्नी समुदाय के लोग ईद का पर्व धूमधाम से मनाएंगे। ईद को लेकर बुधवार को अंतिम दिन बाजार में खरीदारों की खासी भीड़ रही।
खरीदारी का दौर रमजान के आखिरी दिन तक चला। बुधवार को अंतिम दिन ईद की तैयारी को लेकर खरीदारों की बाजार में भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने भी कपड़े और जरूरत के मुताबिक नए सामानों की खरीदारी की। बृहस्पतिवार को सुन्नी समुदाय के लोग ईदगाह में नमाज अदा कर मुल्क के अमन-शांति की दुआ करेंगे।
चांद देखने के लिए लोग शाम से ही चौक स्थित जामा मस्जिद के पास डटे रहे। बृहस्पतिवार देर शाम आसमान की तरफ टकटकी लगाए लोगों को चांद दिखाई पड़ा। चांद दिखते ही सुन्नी समुदाय के लोग खुशियां मनाने लगे। एक दूसरे को गले लगाकर बधाइयां देने का सिलसिला शुरू हो गया। कई मोहल्लों में लोगों ने पटाखे दागकर ईद की खुशी का इजहार किया।