सुल्तानपुर। पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति सजग पशुपालकों के लिए अच्छी खबर है। कृषि विज्ञान केंद्र बरासिन के वैज्ञानिकों ने पशुओं के लिए पोषक तत्वों से भरपूर एक ऐसा चॉकलेट तैयार किया है, जिसके सेवन से मवेशियों की सेहत सुधरेगी। साथ ही उनमें दूध की मात्रा भी बढ़ेगी,जिससे पशुपालकों को बेहतर आय हो सकेगी। करीब दो किग्रा वजन की एक चॉकलेट की कीमत 150 रुपये होगी।
पोषक तत्वों की कमी के कारण कई बार पशुओं में दूध की मात्रा कम हो जाती है। पशुओं की सेहत पर भी इसका विपरीत प्रभाव पड़ता है।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या से संचालित कृषि विज्ञान केंद्र बरासिन के वैज्ञानिकों ने एक चॉकलेट बनाई है। इसे यूरिया, मोलासिस, मिनरल ब्लॉक (यूएमएमबी) के नाम से जाना जाता है। यह चॉकलेट गेहूं के चोकर, शीरा, सरसों की खली, यूरिया, कैल्सियम, फॉस्फोरस, मैग्नीशियम, जिंक, कॉपर आदि के मिश्रण से तैयार किया गया है।
पशु चिकित्सकों के अनुसार एक पशु के लिए सप्ताह भर में 500 से 600 ग्राम चॉकलेट की खुराक पर्याप्त है। इससे पशु की अतिरिक्त पोषण की आवश्यकता पूरी हो जाएगी।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक युवाओं को भी इस चॉकलेट को बनाने का प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षित युवा इसे स्वरोजगार के रूप में भी अपना सकेंगे। (संवाद)