सुल्तानपुर। बच्चों को मोबाइल से दूर कर किताबों से जोड़ने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग नई पहल करने जा रहा है। जिले के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की पढ़ने की आदत विकसित की जाएगी। हर सप्ताह बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यार्थियों को टॉप फाइव स्टूडेंट रीडर के रूप में चुना जाएगा।
जिले में 2061 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों में नियमित रूप से पुस्तकें पढ़ने की रुचि पैदा करना और मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल को कम करना है। सप्ताहवार श्रेष्ठ पाठकों का चयन कर बच्चों को पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे उनमें नियमित अध्ययन की आदत विकसित होने के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की भावना भी बढ़ेगी।
पढ़ाई के साथ दूसरी गतिविधियों पर भी जोर
बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल, आत्मरक्षा, कला और शिल्प जैसी गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा। इन क्षेत्रों में प्रशिक्षण देने के लिए पेशेवर प्रशिक्षकों की मदद लेने की योजना है। इससे विद्यार्थियों की रचनात्मकता, शारीरिक क्षमता और व्यावहारिक कौशल को निखारने में मदद मिलेगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता ने बताया कि बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। मोबाइल के अत्यधिक उपयोग को कम करने के साथ विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।