एसके प्रेसीडेंसी स्कूल में परीक्षा देते बच्चे।
सुल्तानपुर। अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड की परीक्षा बृहस्पतिवार को तीन केंद्रों पर आयोजित हुई। जिसमें 140 बच्चों ने प्रतिभाग किया। परीक्षा काे लेकर बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह दिखा। परीक्षा दिलाने आए अभिभावकों ने अमर उजाला के इस पहल की सराहना की। पहले दिन अंग्रेजी विषय की परीक्षा हुई।
शहर के पूर्वी छोर पर स्थित एसके प्रेसीडेंसी स्कूल, ओदरा में आयोजित परीक्षा में 118 बच्चों ने प्रतिभाग किया। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए कक्ष निरीक्षक तैनात रहे। प्रधानाचार्य शेषमणि मिश्र ने कहा कि अमर उजाला ने एक प्लेटफाॅर्म दिया है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी क्षमता आंकने का मौका मिल रहा है। इस परीक्षा में प्रतिभाग करने में विद्यार्थियों ने अपनी रुचि दिखाई है। इस मौके पर कक्ष निरीक्षक सौरभ पांडेय, राजबहादुर वर्मा समेत कई शिक्षक परीक्षा संपन्न कराने में लगे रहे।
कमला नेहरू बाल शिक्षण संस्थान करौंदिया (विवेक नगर) में हुई अमर उजाला ओलंपियाड की परीक्षा में 18 बच्चों ने प्रतिभाग किया। प्रधानाचार्य डॉ. एनडी सिंह ने कहा कि जब तक बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा नहीं होगी, तब तक उनका बौद्धिक विकास ठीक तरीके से नहीं हो सकेगा। इस मौके पर परीक्षा प्रभारी जगराम, कक्ष निरीक्षक नरेंद्र कुमार पांडेय मौजूद रहे।
पयागीपुर स्थित मिलेनियम वर्ल्ड स्कूल में अमर उजाला नेशनल ओलंपियाड की परीक्षा में चार बच्चों ने प्रतिभाग किया। इसमें गिरीक ज्ञानेंद्र, अर्श खान, महनूर बानो और यश मिश्रा शामिल रहे। प्रधानाचार्य आनंदन सेबेस्टियन ने बताया कि इस परीक्षा से बच्चों को अपने हुनर को तराशने का बेहतर मौका मिला है। शुक्रवार को सामान्य ज्ञान की परीक्षा का आयोजन होगा।