अमेठी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 11 बजे भादर ब्लॉक के त्रिसुुंडी स्थित सीआरपीएफ रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र पहुंचेंगे। यहां सीएम उत्तर प्रदेश पुलिस दीक्षांत परेड समारोह में हिस्सा लेने के साथ यूपी पुलिस के 669 नए रिक्रूट को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाएंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अमेठी आ रहे हैं। एक दिवसीय दौरे पर अमेठी आ रहे मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे भादर ब्लॉक के त्रिसुंडी स्थित सीआरपीएफ रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र पहुंचेंगे।
यहां सीएम योगी नव आरक्षी प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षित उत्तर प्रदेश पुलिस के 669 नए रिक्रूट के दीक्षांत परेड समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नए रिक्रूट को पद एवं दायित्व की शपथ भी दिलाएंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर यूपी पुलिस के नए रिक्रूटों के साथ ही सीआरपीएफ अफसरों व जवानों में भारी उत्साह है। सीएम के आगमन को लेकर कई दिन पूर्व से शुरू तैयारियां शुक्रवार को भी युद्धस्तर पर चलीं।
शुक्रवार दोपहर बाद प्रशिक्षण केंद्र पहुंचे डीएम अरुण कुमार और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने के अलावा सीआरपीएफ अधिकारियों के साथ बैठक कर अन्य तैयारियों की समीक्षा भी की।
डीएम ने बताया कि परेड के दौरान करीब सात हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में चिन्हित लोग ही प्रवेश पा सकें इसके लिए प्रशिक्षण केंद्र की ओर से पास जारी किए गए हैं।