सुल्तानपुर। हलियापुर में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण होगा। शासन से मंजूरी मिलने के बाद जमीन की खोज कर ली गई है। जमीन उच्च प्राथमिक विद्यालय हलियापुर से सटी है। मौके पर यहां बबूल समेत अन्य पेड़-पौधे हैं। 2476.25 लाख रुपये में होने वाले निर्माण कार्य के लिए उत्तर प्रदेश कॉरपोरेशन लिमिटेड का चयन किया गया है। यहां 1500 बच्चों के पढ़ने की व्यवस्था होगी।
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का प्रस्ताव वर्ष 2023-24 में तैयार किया गया था। इसके लिए पांच से 10 एकड़ जमीन की जरूरत थी। काफी कोशिश के बाद हलियापुर ग्राम सभा में 30 हजार वर्ग मीटर (7.41 एकड़) जमीन मिल सकी है। यह जमीन उच्च प्राथमिक विद्यालय हलियापुर से सटी है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से इसकी दूरी लगभग एक किमी और तहसील मुख्यालय बल्दीराय से 15 किमी है।
प्री-प्राइमरी से इंटर तक की कक्षाएं होंगी संचालित
जिला समन्वयक निर्माण हरिशंकर ने बताया कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय में प्री-प्राइमरी से इंटर मीडिएट तक की कक्षाएंं संचालित की जाएंगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त 30 कक्षा कक्ष, विज्ञान व गणित प्रयोगशाला, नौ से 12 के लिए रसायन व भौतिक विज्ञान के लिए लैब, कंप्यूटर कक्ष, लाइब्रेरी समेत अन्य निर्माण कार्य होंगे। इंटर में विज्ञान, कला और वाणिज्य वर्ग की अलग-अलग कक्षाएं संचालित होंगी। प्रधानाचार्य, शिक्षकों व कर्मचारियों के आवास बनाए जाएंगे। यहां खेल का मैदान, हर कक्षा में स्मार्ट क्लास, रोबोटिक्स व मशीन लर्निंग सेंटर, गतिविधियों के लिए हाॅल, वाटर प्लांट, सोलर पैनल, जल संरक्षण इकाई, मिड-डे मील किचन, डायनिंग हाल, वाशिंग एरिया, अग्निशामक यंत्र, सीसी कैमरे व सुरक्षा गार्ड उपलब्ध रहेंगे।
नए वित्तीय वर्ष में शुरू होगा निर्माण
बीएसए उपेंद्र गुप्ता ने बताया कि मार्च में ही बजट मिलने की उम्मीद है। निर्माण की सभी प्रक्रियाएं पूरी की जा चुकी हैं। बजट मिलते ही नए वित्तीय वर्ष 2025-26 में काम शुरू हो जाएगा।