सुल्तानपुर। अमहट स्थित मंडी परिषद में कराए जा रहे निर्माण में गड़बड़ी का आरोप लगा है। शासन के निर्देश पर शनिवार को लखनऊ से आए मुख्य अभियंता ने परिसर के साथ निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता परखी।
अमहट स्थित मंडी परिषद में हो रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का मामला गरमा गया है। निर्माण में गड़बड़ी के आरोप लगने पर शासन ने इसे गंभीरता से लिया है। सूत्रों के मुताबिक एक माननीय ने निर्माण में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं।
इसमें सड़क व दुकान निर्माण की बात सामने आ रही है। शासन के निर्देश पर शनिवार को जांच के लिए मुख्य अभियंता लखनऊ पीसी जैन अमहट स्थित मंडी परिषद पहुंचे।
इसके पहले उन्होंने अयोध्या स्थित मंडी के निर्माण समिति कार्यालय पहुंचकर रिकॉर्डों की जांच की। रिकॉर्डों की जांच के बाद अमहट पहुंचे मुख्य अभियंता ने निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया।
हालांकि जांच की सूचना शिकायतकर्ता को नहीं दी गई। जांच के दौरान मुख्य अभियंता जानकारी देने से बचते रहे। उन्होंने इसे रूटीन जांच बताया। कहा कि सफाई व कार्यों में सुधार के निर्देश दिए गए हैं।