पाक कला प्रतियोगिता में पुरस्कृत रसोईया। स्रोत- शिक्षा विभाग
सुल्तानपुर। उच्च प्राथमिक विद्यालय अमहट परिसर में बृहस्पतिवार को रसोइया पाक-कला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिले के सभी 14 ब्लॉक व नगर क्षेत्र से कुल 30 रसोइयों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में सबको दूबेपुर की विद्या देवी का बनाया व्यंजन रास आया और उन्हें अव्वल घोषित किया गया।
सभी रसोइयों को बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता की ओर से मीनू दिया गया। जिसके अनुसार रसोइयों ने व्यंजन पकाया। निर्णायक मंडल की ओर से पकाए गए भोजन की पौष्टिकता, स्वाद, पकाने का तरीका, स्वच्छता, सुरक्षा व सभ्य व्यवहार आदि मानकों पर अंक प्रदान किया गया। निर्णायक मंडल की ओर से दिए अंकों के आधार पर प्रतियोगिता में सम्मिलित 30 प्रतिभागियों में उच्च प्राथमिक विद्यालय दूबेपुर की विद्या देवी प्रथम, भदैंया के उच्च प्राथमिक विद्यालय अभियाकला की मंजू देवी द्वितीय व अखंडनगर प्राथमिक विद्यालय की शकुंतला देवी को तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रथम स्थान के विजेता को पुरस्कार के रूप में 3500, द्वितीय स्थान के विजेता को 2500 व तृतीय स्थान के लिए 1500 रुपये का पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी वंशीलाल, एमडीएम जिला समन्वयक संदीप यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।