सुल्तानपुर। प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले मजदूर को विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने के मामले में कुड़वार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कुड़वार के प्रतापपुर (पटखापुर) निवासी अंकित पाठक के मुताबिक वह तीन वर्षों से महाराष्ट्र के सतारा स्थित एक प्राइवेट कंपनी में मजदूरी करते थे। उसी कंपनी में कार्य करते हुए सुपरवाइजर के पोस्ट पर सुभाष से उनका संपर्क हुआ। सुभाष निवासी ढाटौली, अलीगढ़ ने अंकित को बताया कि उनका भाई कुलदीप वीजा कंसल्टेंट का कार्य करते हैं। आरोप है कि सुभाष व उनके भाई कुलदीप ने अंकित को विदेश भेजने के नाम पर उनसे 1.35 लाख रुपये ले लिए। आरोपियों ने उनसे 20 हजार रुपये नकद व बाकी धनराशि ऑनलाइन लिया।
पैसा देने के बाद भी आरोपियों ने अंकित को विदेश नहीं भेजा। 25 सितंबर को अंकित ने अपने घर से सुभाष व कुलदीप के मोबाइल नंबर पर फोन किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दिया। कुड़वार थाने के प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्र ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।