गोसाईगंज (सुल्तानपुर)। महमूदपुर निवासी हरिचरन और गौतम का आरोप है कि उन दोनों ने ओमान व दुबई में नौकरी पाने के लिए अंबेडकरनगर जिले के डड़वा सदरपुर निवासी सरवर को एक- एक लाख रुपये दिए थे।
सरवर व उसके सहयोगी मुंबई निवासी सकुउल्ला ने हरिचरन को टूरिस्ट वीजा पर 29 जुलाई 2024 को दुबई भेज दिया। जहां उन्हें नौकरी नहीं मिली। 15 दिनों तक दुबई में भटकने के बाद लाैट आए। आरोपियों ने पैसा भी नहीं लौटाया। गोसाईगंज थाने में केस नहीं दर्ज होने पर हरिचरन और गौतम ने न्यायालय की शरण ली थी।
कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपियों पर धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। एक सप्ताह पूर्व अलहदादपुर निवासी रिंकू ने भी कोर्ट के माध्यम से सरवर और सकुउल्ला के खिलाफ केस दर्ज कराया था। थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि विवेचना की जा रही है। जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी। (संवाद)