सुल्तानपुर। मोतिगरपुर के दियरा रोड स्थित जगरानी हॉस्पिटल में ओपीडी के लाइसेंस पर सर्जरी का खेल चल रहा था। अस्पताल में न तो सर्जन पंजीकृत था और न ही एनेस्थीसिया विशेषज्ञ। बुधवार रात हर्निया के ऑपरेशन से पहले कोड़रिया निवासी दिवाकर को एनेस्थीसिया देने के बाद हालत बिगड़ गई। उनकी मौत के बाद बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की जांच में अस्पताल की अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद अस्पताल सील कर दिया गया।
जांच में पता चला कि दिवाकर बुधवार दोपहर हर्निया का ऑपरेशन कराने अस्पताल पहुंचे थे। ऑपरेशन से पहले एनेस्थीसिया देने के तुरंत बाद उन्हें झटके आने लगे। हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज ले जाने की नौबत आई, लेकिन एंबुलेंस के बजाय निजी कार से उन्हें पहुंचाया गया। एसीएमओ डॉ. जेसी सरोज के मुताबिक, मरीज को सांस लेने में काफी दिक्कत हुई और उसे बचाया नहीं जा सका।
परिजनों के हंगामे और शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर जांच की। वहां ऑपरेशन के उपकरण मिले। अभिलेखों की पड़ताल में अस्पताल का पंजीकरण केवल क्लीनिक यानी ओपीडी संचालन के लिए मिला। सर्जरी की अनुमति नहीं थी। संचालक डॉ. एपी प्रजापति के पास भी सर्जरी की डिग्री नहीं है। एसीएमओ ने बताया कि प्रथमदृष्टया संचालक और डॉक्टर की लापरवाही सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एनेस्थीसिया दिए जाने की पुष्टि हुई है, जबकि संचालक इससे इन्कार कर रहे हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अवनीश कुमार मिश्र ने प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए मोतिगरपुर थाने में तहरीर दी है। सीएमओ डॉ. भारत भूषण ने बताया कि मामले की गहराई से जांच कराई जा रही है।
चांदा में भी ओपीडी के लाइसेंस पर हुआ था ऑपरेशन
सुल्तानपुर। दो अक्तूबर 2026 को चांदा के न्यू आयुषी पॉली क्लीनिक में प्रसूता अंजली निषाद के ऑपरेशन के दौरान नवजात की मौत हो गई थी। परिजनों ने बिना डिग्री ऑपरेशन और चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया था। प्रसूता की हालत बिगड़ने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। स्वास्थ्य विभाग की जांच में क्लीनिक का पंजीकरण केवल ओपीडी के लिए मिला था। एसीएमओ डॉ. जेसी सरोज की जांच के बाद क्लीनिक सील कर दिया गया था। मामले में बीके शुक्ला समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी।