सुल्तानपुर। सैफई महोत्सव में करीब 22 साल पहले करंट की चपेट में आने से घायल हुए मो. अली की तरफ से एमपी-एमएलए कोर्ट में पूर्व मुख्यमंत्री व सपा मुखिया अखिलेश यादव व उनके निजी सचिव गजेंद्र सिंह सहित अन्य के खिलाफ पेश की गई अर्जी पर शुक्रवार को बहस की कार्यवाही बाधित रही। एमपी-एमएलए कोर्ट के स्पेशल मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने प्रकरण में बहस के लिए 23 नवंबर की तारीख तय की है।
गोसाईगंज के सुरौली गांव के रहने वाले अभियोगी मो. अली ने एमपी-एमएलए कोर्ट में सपा मुखिया अखिलेश यादव व उनके निजी सचिव गजेंद्र सिंह व अन्य सहयोगियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए अर्जी दी है। उनके आरोप के मुताबिक तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल के दौरान 24 दिसंबर 2004 को सैफई महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
अभियोगी के मुताबिक वह अन्य लोगों के साथ बैनर लगा रहे थे। बैनर लगा रहे लोग करंट की चपेट में आ गए थे। घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अभियोगी गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो गए थे। आरोप के मुताबिक तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने उनके पक्ष में करीब 15 लाख रुपये का चेक जारी किया था, लेकिन उन्हें धनराशि नहीं मिली थी। उनके मुताबिक अखिलेश यादव ने भी कई बार आश्वासन दिया पर उन्हें धनराशि नहीं मिली थी।