मतगणना स्थल मोड़ पर गभड़िया क्षेत्र में खुशी का इजहार करते सपाई। -संवाद
सुल्तानपुर। देर शाम चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सपा व गठबंधन कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह जश्न मनाए। एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी का इजहार किया। वहीं गोराबारिक स्थित भाजपा कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा।
लोकसभा चुनाव में मंगलवार को जिले में सपा के प्रत्याशी रामभुआल निषाद की जीत व प्रमाणपत्र मिलने के बाद सपा व गठबंधन दल झूम उठे। जगह-जगह मिठाइयां बांटी जाने लगीं। अमहट, पयागीपुर, बस स्टेशन, शाहगंज चौराहा समेत अन्य स्थानों पर जाकर सपा व गठबंधन कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशियां साझा की। वहीं गोराबारिक स्थित भाजपा के कार्यालय पर दिन भर सन्नाटा छाया रहा। एक भी भाजपा पदाधिकारी नहीं दिखा। सपा की इस जीत से भाजपा खेमे में मायूसी छा गई है।