जिले के प्रमुख चौराहों व कस्बों के बाद अब पुलिस महकमा थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की कवायद में जुटा है। पहले चरण में प्रत्येक थाने में दो कैमरे लगाए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरे लगाने का उद्देश्य कर्मियों के व्यवहार की निगरानी करने के साथ ही दलालों पर नजर रखना होगा।
शासन के निर्देश पर पुलिस महकमे ने बीते दिनों जिले के तकरीबन सभी प्रमुख बाजारों के उन चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए थे जिनकी गिनती व्यस्ततम चौराहे के रूप में होती है। कस्बों के भीड़-भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के बाद अब दूसरे चरण में पुलिस महकमा जिले के सभी थानों में दो-दो सीसीटीवी कैमरे लगवाएगा।
थानों में लगने वाले कैमरों में एक थाने के प्रवेश द्वार तो दूसरा कार्यालय में लगाया जाएगा। इन कैमरों को लगाने का उद्देश्य थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों के आचार व्यवहार व उनकी हरकतोें की निगरानी करने के साथ ही थाने पहुंचने वाले दलालों के बारे में जानकारी जुटानी होगी।
पुलिस अधीक्षक हीरालाल ने बताया कि सभी थानों में दो-दो सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए विभाग की ओर से आवंटित धन प्राप्त हो गया है। जल्द ही सभी थानों के मुख्य द्वार व कार्यालय में इन्हें लगवाया जाएगा।