आरबीआई मुख्यालय से कैश की सप्लाई 15 दिनों से बंद होने के कारण एटीएम पर कैश का संकट गहरा गया है। रविवार को जिले के 116 एटीएम में 80 एटीएम कैशलेस रहे। कैशलेस एटीएम से लोगों को निराश होना पड़ा। सीमित एटीएम पर धन निकासी करने वालों की कतार दिन भर लगी रही।
ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश एटीएम के शटर दिन भर बंद रहे। इस वजह से ग्रामीण अंचल के लोगों को ज्यादा भाग-दौड़ करनी पड़ी। ग्रामीण अंचल के प्रमुख कस्बों व चौराहों पर स्थापित एटीएम में आधे से अधिक पहले से ही कैशलेस चल रहे हैं। कूरेभार, कुड़वार, बल्दीराय, धनपतगंज, कूरेभार, लंभुआ, मोतिगरपुर, बरौंसा, कादीपुर, अखंडनगर समेत अन्य स्थानों पर स्थित एटीएम में रविवार को कैश नहीं रहा।
कैशलेस ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने पिछले 15 दिनों से बैंक शाखाओं को कैश की सप्लाई दिए जाने पर रोक लगा दी है। ऐसे में बीते दिनों बैंक शाखाओं पर खाताधारकों को सीमित भुगतान देकर किसी तरह से काम चलाया गया। 50 हजार रुपये की निकासी करने वालों को 10-20 रुपये हजार तक भुगतान दिया गया। भुगतान की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए चालू खाता धारकों का भी सहयोग लिया गया।
आरबीआई की ओर से कैश की सप्लाई रोके जाने का सर्वाधिक प्रभाव एटीएम पर दिखाई दिया। अवकाश के दिन रविवार को शहर के अधिकांश एटीएम कैशलेस रहे। लोगों को धन निकासी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। शहर के रोडवेज स्थित एक्सिस बैंक, इलाहाबाद बैंक, विजया बैंक, सेंट्रल बैंक, आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम में कैश नहीं पड़ सका। रोडवेज स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर ही कैश मिला। वहां लोगों की लंबी कतार लगी रही। एसबीआई के एटीएम पर भी भीड़ लगी रही। डाकखाना स्थित यूको बैंक, आईसीआईसीआई बैंक व एक्सिस बैंक के एटीएम कैशलेस रहे। रविवार को जिले के 116 में 80 एटीएम कैशलेस रहे।