गोसाईगंज (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव के एक घर को चोरों ने बृहस्पतिवार रात निशाना बनाया। दरवाजे का ताला तोड़कर कमरे में घुसे चोरों ने नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
रसूलपुर गांव निवासी उर्मिला बृहस्पतिवार रात परिवारजनों के साथ घर में सोई थी। रात्रि को चोर पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर कमरे में घुस गए। अटैची और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखा गले का हार सहित अन्य आभूषण और पांच हजार रुपये की नकदी लेकर भाग निकले। शुक्रवार सुबह घरवालों को चोरी का पता चला। घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर बक्सा, सूटकेस खेत में पड़ा मिला। थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। (संवाद)