कुड़वार (सुल्तानपुर)। पूरे जुराम तिवारी का पुरवा मजरे प्रतापपुर निवासी बुजुर्ग दुकानदार पर शनिवार को पुराने बकाए के लेनदेन में युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। पीड़ित की तहरीर पर कुड़वार थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जियालाल के मुताबिक, वह अपने घर के पास एक गुमटी रखकर किराने का सामान बेचते हैं। आरोप है कि तीन मई की शाम तीन बजे रामू तिवारी उर्फ काका उनकी दुकान पर पहुंचा। वह तंबाकू का पैकेट मांगने लगा। जिस पर जियालाल ने कहा कि पुराना बकाया देने पर ही सामान मिलेगा। जिससे नाराज रामू तिवारी जियालाल को दुकान से घसीटकर ले जाने लगे। रास्ते में आरोपी ने कुल्हाड़ी से जियालाल पर हमला कर दिया था। कुल्हाड़ी लगने से जियालाल का दाहिना हाथ जख्मी हो गया था। जियालाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुड़वार में भर्ती कराया गया। कुड़वार थाने के इंस्पेक्टर अमित मिश्र ने बताया कि बुधवार को आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया।