भदैंया (सुल्तानपुर)। इस्लामगंज गांव में एक माह पूर्व मारपीट और दलित उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष समेत आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के इस्लामगंज निवासी शर्मिला देवी पत्नी भीम प्रकाश के पड़ोस में केशकुमार पाल का मकान है। आरोप है कि 23 मई की सुबह साढे़ नौ बजे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी पाल अपने पुत्र व छह समर्थकों के साथ पहुंची थी। सभी लोगों ने वहां रास्ता बनाना शुरू किया था।
शर्मिला देवी ने जब रास्ता बनाने से रोका तो पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष समेत अन्य लोगों ने मारपीट के साथ ही फायरिंग की थी। यही नहीं सभी लोगों ने छप्पर में आग लगाकर फूंक दिया था। पुलिस ने मामले की जांच की तो घटना सही पाई गई।
पुलिस ने 35 दिन बाद पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी पाल समेत आठ लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, मारपीट, घर में घुसकर अभद्रता तथा दलित उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। देहात कोतवाल देवेंद्र सिह ने बताया कि पूर्व की घटना में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष समेत आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।