सुल्तानपुर। बनकेपुर सरैया की महिला ने पति पर दहेज उत्पीड़न करने, तीन तलाक बोलकर रिश्ता तोड़ने और दूसरी शादी कर लेने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाने में आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धम्मौर के लौहर दक्षिण मोहम्मद अयूब की पुत्री आफरीन बानो की शादी बनकेपुर सरैया के नूर मोहम्मद निवासी के साथ सात दिसंंबर 2021 को मुस्लिम रीति रिवाज से हुई थी। आरोप है कि विदाई के बाद से ही पति नूर मोहम्मद, ससुर एहसान उल्ला, सास सैय्यदा बानो, ननद रब्बो, सब्बो, महरुन व ननदोई रमजान निवासी अमहट कोतवाली नगर उनको दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। 17 अप्रैल 2023 को ससुरालीजन ने आफरीन को मार-पीटकर घर से निकाल दिया था।
10 मार्च 2025 को उनके पति नूर मोहम्मद व ससुराल वाले आफरीन के घर पर पहुंचे। उन लोगों ने कहा कि जब तक दहेज की मांग पूरी नहीं होगी, तब तक घर में नहीं रहने दिया जाएगा। इसी बीच पति नूर मोहम्मद ने सबके सामने मौखिक रूप से तीन तलाक बोलकर रिश्ता तोड़ दिया।
पीड़िता का आरोप है कि पति ने दूसरी शादी भी कर ली है। थानाध्यक्ष निशा शुक्ला के मुताबिक केस दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।